चंडीगढ़। स्कूल बंद करने के फैसले पर पंजाब सरकार ने यू टर्न ले लिया। अब 15 मई से स्कूल बंद नहीं होंगे। विद्यार्थियों, माता पिता के साथ ही शिक्षकों की स्कूल खोलने की मांग पर सरकार ने यह फैसला लिया है। गर्मी की छुट्टियां पिछले सालों की तरह ही अब होंगी। नए फैसले के तहत 15 से 31 मई तक राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में ऑफलाइन मोड में क्लासें लगेंगी, जबकि गर्मियों की छुट्टियां 1 से 30 जून तक करने का फैसला किया गया है।
शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेअर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण 2 साल स्कूलों में ऑफलाइन क्लासों न लगने के कारण हुए पढ़ाई के नुकसान होने के कारण विद्यार्थियों और माता-पिता की तरफ से बार-बार मांग की जा रही थी कि सरकार गर्मियों की छुट्टियां पहले की तरह ही करे और ऑनलाइन क्लासों से गुरेज करे। 15 से 31 मई तक प्राइमरी स्कूलों का समय 7 से 11 बजे और मिडिल/हाई/सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 7 से 12.30 बजे तक रहेगा।
हेअर ने बताया कि उनकी तरफ से रोजमर्रा के किए जा रहे स्कूली दौरों के मौके भी अध्यापकों की तरफ से फीडबैक दी गई कि 31 मई तक स्कूलों में इसी तरह पढ़ाई चलती रहे। उन्होंने कहा कि सभी तरफ से की जा रही मांग के चलते शिक्षा विभाग ने गर्मियों की छुट्टियां 1 से 30 जून तक करने का फैसला किया है। राज्य सरकार लोगों की राय के अनुसार ही फैसले ले रही है।