चंडीगढ़। हरियाणा सरकार कोरोना के कारण बंद हुई ग्राम सभाओं की बैठकें डिजिटल तरीके से शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए सरकार ने जींद जिले के बीबीपुर गांव का मॉडल अपनाने की पहल की है। बीबीपुर देश की ऐसी पहली ग्राम पंचायत है, जो पूरी तरह से डिजिटल है। इस पंचायत का पूरा हिसाब-किताब और तमाम जानकारियां वेबसाइट पर उपलब्ध हैैं।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री के नाते डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने वीरवार को यमुनानगर जिले की खुर्दबन ग्राम पंचायत के साथ डिजिटल तरीके से संवाद किया। दरअसल, इसकी शुरुआत सेल्फी विद डॉटर अभियान एवं फाउंडेशन के संयोजक व बीबीपुर गांव के पूर्व सरपंच सुनील जागलान ने की थी।
सरकार तक जब बीबीपुर मॉडल ऑफ वूमेन इंपावरमेंट एंड विलेज डेवलपमेंट की जानकारी पहुंची तो उप मुख्यमंत्री ने इसमें रुचि दिखाई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अब सुनील के बीबीपुर ूमॉडल पर आगे बढ़ते हुए पूरे प्रदेश में ऐसी ग्राम सभाओं के आयोजन का खाका तैयार करने में लगा है। दुष्यंत का कहना है कि यह देखकर अच्छा लगा कि हमारी ग्राम सभाएं भी अब उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करने लगी हैैं। इसे आगे बढ़ाने की योजना है।