मोरनी। हरियाणा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड भिवानी ने 10वीं परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। खंड स्तर पर हरियाणा बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा के परिणाम में पहले तीनों स्थानों पर लड़कियों ने बाजी मारी है।
मोरनी ब्लॉक में दसवीं के विद्यार्थियों का परफोर्मेंस पिछले वर्ष की अपेक्षा काफी बेहतर रहा है। दसवीं का रिजल्ट इस वर्ष 76 फीसदी रहा। वहीं इस वर्ष दसवीं के परिणामों में ब्लॉक स्तर पर मोरनी स्कूल की शिवानी ने टॉप किया है। उन्होंने 500 में से 471 अंक 94.2 प्रतिशत प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही मांधना स्कूल की छात्रा दिक्शा ने 460 अंक 92 प्रतिशत के साथ दूसरा व निधि ने 457 अंकों 91.4 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
टॉपर का परिचय
शिवानी के पिता खेम चंद शर्मा समलौठा देवी मंदिर के पुजारी और माता हाउस वाइफ हैं। शिवानी शर्मा इलाके के बेहद दुर्गम क्षेत्र समलौठा से रोजाना 15 किलोमीटर एक तरफ का सफर कर स्कूल पहुंचती है। हालांकि इस रूट पर बस सेवा थी, बावजूद कईं बार खराबी आने या फिर अन्य कारणों से बस नहीं चलने पर समय पर पैदल स्कूल पहुंचना शिवानी की दिनचर्या में शामिल था। शिवानी आगे जाकर अपने गांव समलौठा व इलाके का नाम रोशन करना चाहती है।
किस स्कूल का कैसा रहा परिणाम
इलाके में 9 सेकेंडरी स्कूल हैं। जिसमें ठंडोग स्कूल ने सभी स्कूलों में टॉप किया है। स्कूल में 20 बच्चों ने दसवीं की परीक्षा दी थी जिसमें एक बच्चा असफल रहा स्कूल का परिणाम 95 प्रतिशत रहा। जबकि सबसे डाउन में बालदवाला स्कूल का परिणाम 21 प्रतिशत रहा। वहीं दूसरे स्थान पर भूडी स्कूल रहा जिसका परिणाम 94 प्रतिशत रहा। मोरनी में सबसे अधिक 61 बच्चे परीक्षा में बैठे। स्कूल परिणाम 87 प्रतिशत रहा। मांधना 84 प्रतिशत, टिक्कर 87 प्रतिशत, कोटी 67 प्रतिशत, थापली 65 प्रतिशत, धामण 69 प्रतिशत, ठंडोग स्कूल का परिणाम 95 प्रतिशत रहा।