इसी घग्गर पुल का होना है दोहरीकरण। संवाद
पंचकूला। सेक्टर-21/3 की डिवाइडिंग रोड पर छठ घाट के पास घग्गर पुल के दोहरीकरण का काम एक अप्रैल से शुरू होगा। पीएमडीए ने 25 करोड़ के एस्टीमेट को मंजूरी दे दी है। फरवरी में विभाग टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। मार्च तक वर्क टेंडर अलॉट कर दिया जाएगा। यह पुल 335 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा होगा। इसे अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाना है।
दरअसल रामगढ़ से पंचकूला चंडीगढ़ की तरफ से आने वाले ट्रैफिक के लिए सेक्टर-27/28 से होकर सेक्टर 24-21/3 की सड़क का इस्तेमाल किया जाता है। इसके चलते रोजाना सुबह, दोपहर और शाम के समय सेक्टर-21/3 के पुल पर सिंगल लेन होने की वजह से जाम लगता है। रोजाना औसतन यहां से 15 से 20 हजार वाहन गुजरते हैं। ऐसे में एक ही पुल पर ज्यादा भार पड़ने की वजह से उसकी लाइफ काफी कम हो सकती है। साथ ही दूसरा कारण यह भी है कि बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए पीएमडीए ने घग्गर पार के इन सभी पुलों के आसपास की सड़कों को पहले डबल लेन किया और अब इन पुलों को डबल लेन किए जाने का काम किया जाएग, ताकि हैवी ट्रैफिक को इन दोनाें पुलों से आसानी से निकाला जा सके।
ट्रैफिक दबाव की वजह लिया निर्णय
आने वाले एक साल के भीतर पंचकूला सेक्टर-23 से 28 तक के सेक्टरों की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। सेक्टर- 24/26 के राउंड अबाउट से सेक्टर-20/21 की विभाजित सड़क तक घग्गर नदी पर बनने वाले पुल का काम मार्च तक पूरा हो जाएगा। इसके पुल का रास्ता खुलते ही घग्गर पार के सेक्टरों में रहने वालों की राह आसान हो जाएगी। इससे सेक्टर-21/3 की डिवाडिंग रोड पर बनने वाले पुल से भी ट्रैफिक दबाव भी कम हो जाएगा। साथ ही 24/26 की डिवाइडिंग रोड से जुड़ने वाला पुल के रास्ते जीरकपुर, हिमाचल और दिल्ली की ट्रैफिक भी आसानी से घग्गर पार के सेक्टरों में दाखिल हो पाएंगे। जबकि घग्गर पार रहने वाले हजारों लोगों को जीरकपुर, राजपुरा, पटियाला, मोहाली एयरपोर्ट पहुंचने में आसानी होगी।
सेक्टर-21/3 की डिवाइडिंग रोड पर छठ घाट के पास घग्गर पुल के डबलिंग का काम अप्रैल में शुरू होगा। इसे एचएसवीपी नहीं पीएमडीए करेगा। प्रोजेक्ट के एस्टीमेट को मंजूरी मिल गई है। मार्च तक वर्क टेंडर अलॉट हो जाएगा। अगले माह टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। - अमर सिंह, चीफ इंजीनियर पीएमडीए पंचकूला।