संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के बेसिक साइंसेज एंड ह्यूमेनिटीज कॉलेज के केमिस्ट्री विभाग में जर्मनी के प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. फिलिप श्मिट-कोपलिन ने विशेष व्याख्यान दिया।
प्रो. कोपलिन म्यूनिख स्थित बायोजियोकेमिस्ट्री हेल्महोल्ट्ज के निदेशक हैं। उनका व्याख्यान भोजन, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्राकृतिक प्रबंधन में जैविक और अकार्बनिक रसायन की भूमिका विषय पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मलिक, बेसिक साइंसेज कॉलेज की डीन डॉ. किरण बैंस और अन्य वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। प्रो. फिलिप ने अपने संबोधन में विश्लेषणात्मक रसायन एवं मेटाबोलोमिक्स से संबंधित आधुनिक शोधों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन अध्ययनों से पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच गहरा संबंध समझने में मदद मिलती है। उन्होंने जीवन के विभिन्न चरणों में जैविक और अकार्बनिक रासायनिक तत्वों की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. किरण बैंस ने इस ज्ञानवर्धक व्याख्यान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज की अनुसंधान निदेशक डॉ. नीना सिंगला ने अतिथि वैज्ञानिक और उनके दल का स्वागत किया। केमिस्ट्री विभाग की प्रमुख डॉ. मनप्रीत कौर ने प्रो. फिलिप का परिचय दिया। वे नासा समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से जुड़े अनुसंधान परियोजनाओं पर कार्य कर चुके हैं।