पंचकूला। सेक्टर-9 स्थित गवर्नमेंट आयुर्वेदिक पंचकर्मा सेंटर में महिला के झुलने के मामले में हुई जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि जिस स्टीमर से हादसा हुआ उसकी गैस्केट तीन जगह से कटी थी। यानी उसमें छेड़छाड़ की गई थी। गैस्केट की खराबी के कारण स्टीमर से अचानक तेज भाप निकली और महिला झुलस गई। फिलहाल महिला का पीजीआई में इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया कि हादसे वाले स्टीमर को बिना रेस्ट दिए लगातार उपयोग किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों स्टीमरों की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञों को बुलाया ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। जांच कमेटी ने डॉक्टरों और स्टाफ से पूछताछ भी की। कमेटी ने बताया कि सेंटर के प्रबंधन की ओर से पूरा रिकॉर्ड उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया है। एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन नहीं किया गया। कमेटी की ओर से मांगे दस्तावेज और लॉगबुक भी उपलब्ध नहीं कराई गई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप मिश्रा ने बताया कि जांच कमेटी को आवश्यक रिकॉर्ड प्रदान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा यदि जल्द ही पूरा रिकॉर्ड नहीं दिया गया तो जिम्मेदार स्टाफ पर कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।