पुरुषोत्तम ठाकुर के शतक से 207 रन का स्कोर, मैन ऑफ द मैच बने
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला।विल-2-विन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए एलाइट विल-2-विन क्रिकेट टूर्नामेंट में गरुड़ा वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजपुरा रेजिमेंट को हराया। मुकाबले में पुरुषोत्तम ठाकुर ने शतक जड़कर जीत में अहम भूमिका निभाई और मैन ऑफ द मैच बने।
टूर्नामेंट के तहत गरुड़ा वॉरियर्स और राजपुरा रेजिमेंट के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें राजपुरा रेजिमेंट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गरुड़ा वॉरियर्स ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 207 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से पुरुषोत्तम ठाकुर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाए, जबकि नरेंद्र ने 29 रन का योगदान दिया। राजपुरा रेजिमेंट की ओर से अनिल और योगेश ने एक-एक विकेट लिया।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजपुरा रेजिमेंट की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 180 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सुमीत ने 52 और सोनू ने 41 रन बनाए।
गरुड़ा वॉरियर्स की ओर से मृदुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए। मैच के हीरो रहे पुरुषोत्तम ठाकुर को उनके शतक के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।