पंचकूला। पंचकूला सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में आयोजित वसंत उत्सव 2026 में बागवानों ने अपनी मेहनत से गमलों में सजे कुदरत के खूबसूरत फूलों की नुमाइश पेश की। इस प्रतियोगिता ने पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के लिए फैसला करना मुश्किल कर दिया, क्योंकि प्रतिस्पर्धा कड़ी थी। खासतौर पर पेंजी, गुलाब, और डहलिया श्रेणियों में मुकाबला तेज था, जहां वीरेन्द्र शर्मा, मेवा लाल और संजय थरेजा जैसे बागवानों ने अपनी कड़ी मेहनत से जीत के झंडे गाड़ दिए।
प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक हिस्सा पेंजी और पिटूनिया के बीच देखने को मिला। पेंजी श्रेणी में द भारत स्कूल के मेवा लाल ने अपनी कलाकारी का जादू दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पिटूनिया की श्रेणी में वीरेन्द्र शर्मा ने बाजी मारी। गुलाब की महक में डॉ. जतिंदर कौर ने अपना दबदबा कायम रखते हुए रोज एचटी और अन्य वार्षिक फूलों में प्रतियोगियों को पछाड़ते हुए पहला पुरस्कार अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में सिर्फ कोमल फूलों तक ही सीमित नहीं रहा। बोनसाई और कैक्टस जैसी श्रेणियों में मेजर जनरल सीएस बेवाली ने अपनी जादुई पकड़ दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, घरों की छतों और बालकनी को सजाने वाली हैंगिंग बास्केट श्रेणी में अखिल सेलिया और गुरु लाल माली का कोई सानी नहीं रहा।
विजेताओं की लिस्ट
-कमाल का कार्नेशन: पिंटू और राम चंद ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया।
-साल्विया का जादू: सुमेधा सिंह ने बेहतरीन साल्विया के साथ पहला पुरस्कार जीता।
-मैरीगोल्ड का टशन: गेंदा (डबल) में कुलदीप कौर ने बाजी मारी और अव्वल रहीं।
हैंगिंग बास्केट: गुरु लाल माली और चंदर केश माली ने बास्केट श्रेणी में शानदार प्रदर्शन किया।