संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। एजुकेशन कंसल्टेंट फर्म के मालिक से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना को अदालत ने दलील सुनने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सीआईए फिरोजपुर जेल में बंद गैंगस्टर को प्रोडक्शन वारंट पर मोहाली लाई है। अदालत ने उसे चार दिन के रिमांड पर भेजा था। रिमांड के दौरान सीआईए ने मनप्रीत सिंह मन्ना से रंगदारी मामले में गहन पूछताछ की। सीआईए ने अदालत से मनप्रीत मन्ना के रिमांड की और मांग की थी लेकिन गैंगस्टर मन्ना की ओर से कोर्ट में पेश एडवोकेट ने अदालत को बताया कि चार दिन के पुलिस रिमांड में गैंगस्टर मन्ना से सीआईए को कुछ बरामद नहीं हुआ है।
दरअसल, 10 अगस्त 2025 को आईटी सिटी थाने में गुरिंदर सिंह की शिकायत पर श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले गोल्डी ढिल्लों व सोनीपत हरियाणा के रहने वाले हरी बाॅक्सर के खिलाफ 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया था। सीआईए मामले की जांच कर रही है। इस मामले में गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना की मौजूदगी सामने आई थी।