पंचकूला। पुलिस ने शनिवार को एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश कर पांच नाबालिगों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोना-चांदी के लाखों की कीमत के गहने और बर्तन, लक्ष्मी व गणेश की चांदी की मूर्तियां, दो मोबाइल फोन (वन प्लस व एप्पल 15 प्रो), एक एलईडी, कुछ घरेलू सामान और करीब दो लाख रुपये की नकदी के अलावा मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक भी बरामद की है।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया के नेतृत्व में और एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। एसआई युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को 24 मई को पंचकूला सेक्टर-20 के श्मशान घाट के पास से पकड़ा। इन गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पांच नाबालिगों के अलावा राकेश उर्फ लंबू (19) और सुनील उर्फ बटेर (20) शामिल हैं, जो यूपी के रहने वाले हैं और जीरकपुर में किराये पर रह रहे थे।
पहले से दर्ज हैं कईं मामले
सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कईं आपराधिक मामले दर्ज हैं। राकेश पर पंचकूला में 2022 में चोरी का केस दर्ज है, वहीं, जीरकपुर में उस पर हत्या का और उत्तर प्रदेश में दो अन्य चोरी के केस दर्ज हैं।
कैसे और कब-कब की चोरी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिन में रेकी कर रात को चोरी करते थे। एक अप्रैल को सेक्टर-12 में एक सिविल इंजीनियर के घर चोरी हुई थी, जब वह परिवार सहित गांव गए हुए थे। इसके बाद 30 अप्रैल को इसी सेक्टर में दूसरी वारदात और सेक्टर-21 में दो और चोरी के मामले सामने आए थे। इन चारों मामलों का खुलासा पुलिस ने इस गिरोह की गिरफ्तारी के साथ किया है।
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 29 मई को दो नाबालिगों को और 31 मई को तीन अन्य नाबालिगों को पकड़ा गया। सभी को ऑब्जर्वेशन होम अंबाला भेज दिया गया है। राकेश और सुनील को भी रिमांड खत्म होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।