पंचकूला। शनिवार को पंचकूला में दो नए कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि हुई है। अब जिले में कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या तीन हो गई है। नए संक्रमित सेक्टर-12ए के निवासी एक मां और बेटा हैं। दोनों को खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत के बाद स्थानीय प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया था। उनकी सलाह पर उनका कोरोना टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिजव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे घर पर ही आइसोलेशन में हैं। इन दोनों की कोई भी ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई है। इनसे पहले सेक्टर-21 की 29 साल की महिला की कोरोना पॉजिटिव आई थी। वह हाल ही में बेंगलुरु से लौटी थी। महिला ने बुखार की शिकायत के बाद सेक्टर 21 के एक निजी अस्पताल में जांच करवाई थी, जहां सैंपल लेकर कोरोना की पुष्टि की गई। यह महिला भी होम आइसोलेशन में रह रही है। अब ट्राइसिटी में कुल कोरोना के मरीजों की संख्या पांच हो गई है।