माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस का फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। उपायुक्त डाॅ. यश गर्ग ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक सहित जिला प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद रहे। आयोजन में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।
डीसी यश गर्ग ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक वीर सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। ऐसे महान सेनानियों को यह देश युगों-युगों तक याद रखेगा। देश के युवाओं को इन महान सेनानियों से प्रेरणा लेनी चाहिए और देश हित में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए तत्पर रहना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि समारोह परिसर को पूरी तरह सुंदर बनाया जाए। समारोह में परेड, पीटी, योग व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल की गई। इसमें पुलिस, एनसीसी सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।