चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी की तरफ से जल्द ही ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके तहत पार्टी के सभी विधायक एरिया व खासकर गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और वहीं पर उन समस्याओं का निवारण करवाने का प्रयास करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को सभी विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने विधायकों को निर्देश दिए हैं कि प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का समाधान करवाया जाना चाहिए।
बैठक के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि पंजाब के लोगों ने हमें चुना है। उन्हें हमसे काफी उम्मीदें हैं और हम उसे पूरा करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। लोगों की समस्याएं उनके बीच जाकर ही पता चल सकती हैं, इसलिए विधायकों ने लोगों से सीधे रूबरू होने का फैसला किया है। जिस तरह हमारी सरकार पंजाब में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चला रही है, जिसमें सरकारी अफसर और कर्मचारी खुद गांवों में जाते हैं और वहां बैठकर उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं, उसी तर्ज पर अब विधायक भी लोगों के द्वार जाएंगे।
राजपुरा-चंडीगढ़ रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर मंत्री बिट्टू को घेरा :
सांसद मीत हेयर ने राजपुरा-चंडीगढ़ रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को भी घेरा है। उन्होंने कहा कि बिट्टू का जो भी जवाब आया है, वह सही नहीं है। बिट्टू ने कहा है कि पंजाब सरकार जमीन मुहैया नहीं करवा रही, जिसके कारण रेलवे प्रोजेक्ट को बंद करना पड़ा। वह फ्री में जमीन चाहते हैं, जबकि उस इलाके की जमीन बहुत महंगी है। उनका प्रस्ताव से उनकी नीयत पर सवाल खड़े होते हैं।
मान ने ढाई साल के कार्यों पर लिया फीडबैक :
आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री मान ने सभी विधायकों से ढाई साल में आप सरकार द्वारा किए गए सभी कार्यों पर फीडबैक लिया है और आगे के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। केंद्र सरकार के साथ संबंधों पर कंग ने कहा कि केंद्र को पंजाब के प्रति अपना रुख बदलना चाहिए और बदले की भावना को खत्म करना चाहिए।