3 साल से फरार भगोड़ा नशा तस्कर गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता
हेरोइन तस्करी मामले में था वांछित, जमानत के बाद पेशी से गायब होकर हुआ था फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। सेक्टर-26 की टीम ने करीब तीन साल से फरार चल रहे भगोड़ा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो हेरोइन तस्करी मामले में वांछित था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशिफ (34) निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से कानून से बचने के लिए फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच-26 के इंचार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने 24 अप्रैल को उसे काबू किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड वर्ष 2018 से जुड़ा है। उस दौरान उसे हेरोइन की तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के बाद मामला अदालत में विचाराधीन रहा, लेकिन जमानत मिलने के बाद आरोपी पेशी पर हाजिर नहीं हुआ और फरार हो गद्धे
अदालत ने गैर-हाजिरी को गंभीरता से लेते हुए करीब तीन साल पहले उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।