इलाज के आठ दिन बाद पीजीआई से लौटे पृथ्वी ने तोड़ा दम, पंचकूला के सेक्टर-1 खड़क मंगोली की घटना
पंचकूला पुलिस ने सेक्टर-7 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया, जांच में जुटी पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-1 खड़क मंगोली में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो गहरे दोस्त एक-दूसरे के दुश्मन बन गए और इसने एक की जान ले ली। डेलू नामक युवक ने अपने ही दोस्त पृथ्वी पर गंडासे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पृथ्वी ने इलाज के दौरान आठ दिन बाद दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी रुकसाना की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुकसाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 दिसंबर की रात करीब 9 बजे डेलू उनके घर आया था और किसी को जान से मारने की धमकी देकर वापस चला गया। इसके करीब आधे घंटे बाद रात 9:30 बजे डेलू ने रुकसाना के मोबाइल पर कॉल की और पृथ्वी से बात करवाने को कहा। बातचीत के बाद पृथ्वी घर से बाहर चला गया।
कुछ देर बाद रुकसाना ने पृथ्वी की चीखने की आवाज सुनी। वह परिजनों के साथ बाहर पहुंची तो देखा कि पृथ्वी के सिर से खून बह रहा था और उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था। परिजन उसे तुरंत सेक्टर-6 जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
पीजीआई में इलाज के बाद तीन दिन पहले ही पृथ्वी को डिस्चार्ज किया गया था, लेकिन शनिवार को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पृथ्वी के चाचा ने बताया कि डेलू और पृथ्वी हमेशा साथ रहते थे और मेहनत-मजदूरी का काम करते थे। दोनों के बीच ऐसी दुश्मनी कैसे हो गई, यह परिवार के लिए भी समझ से परे है।
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।