सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे नवरतन जैन
- फोटो : 13cty1011.JPG
सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट के एक व्यापारी से कार से मोबिल ऑयल लीकेज का झांसा देकर करीब दो लाख रुपयों से भरा बैग चोरी कर युवक फरार हो गया। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब व्यापारी दुकान बंद कर घर जाने के लिए अपने कार में बैठा। मामला पुलिस तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। सेक्टर-26 थाना पुलिस लूट और चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने में जुटी हुई है।
वारदात शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। शिकायतकर्ता नवरतन जैन ने बताया कि उनकी सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट में एसजी टेडर्स के नाम से जनरल मर्चेंट की शॉप है। रोजाना की तरह वह दुकान बंद कर पंचकूला सेक्टर-15 स्थित अपने घर जाने की तैयारी में थे। इस दौरान उनके वर्कर सचिन और बृजेश थे। नवरतन जैन ने बताया कि उनके पास एक काले रंग का बैग था। बैग में करीब दो लाख रुपये और दुकान की चाबियां थीं। जैसे ही कार स्टार्ट की तो उनके पास एक युवक आया और बोला कि मोबिल ऑयल लीकेज हो रहा है। साथ ही महसूस किया कि कार के अंदर से अजीब से गंध आ रही है। इसके बाद युवक ने कार की बोनट खोलकर कहा कि कार की रेस दो, ठंडी हो जाएगी। गर्म होने की वजह से मोबिल ऑयल लीकेज हो रहा है। इसके बाद उन्होंने रेस देना शुरू कर दिया। तभी पड़ोसी आया और बोला कि कार को साइड लगाओ गर्म हो चुकी है। कार को साइड में लगाने के बाद उन्होंने देखा कि सीट पर रखा रुपयों से बैग गायब था। आसपास के लोग जमा हो गए। पीसीआर और सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं पुलिस वारदात के बाद आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।