पंचकूला। सेक्टर-16 निवासी अमृत लाल अग्रवाल को इंश्योरेंस पॉलिसी के कैश बैक का झांसा देकर दो लाख रुपये ठगने के आरोपियों का सुराग तलाशने में पुलिस फिलहाल नाकाम है। एएल अग्रवाल सेे ठगी एक युवती और उसके साथी पुरुष ने की। शिकायतकर्ता ने पुलिस को आरोपियों की पहचान संध्या और ओपी खुराना के रूप में बताई है, जो शातिरों ने उन्हें बताई थी। पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत दोनों आरोपियों पर केस दर्ज किया है लेकिन फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
शिकातयकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 जनवरी 2020 को उन्हें संध्या अग्रवाल नामक युवती ने ई-मेल द्वारा संपर्क किया। उसने उन्हें बताया कि उनकी कोई एचडीएफएसी लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी है, जो समाप्त हो चुकी है। यदि वह एक लाख रुपये जमा करवाते हैं तो अप्रैल में उन्हें कुल 2,45,642 रुपये मिल जाएंगे। उसके झांसे में फंसकर उन्होंने दिल्ली मयूर विहार के बैंक खाते में एनईएफटी के माध्यम से 14 जनवरी को एक लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद युवती ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। फिर एक जून को उसके साथी ने उन्हें एक अलग नंबर से ओपी खुराना बनकर कॉल की। उन्हें उसी पॉलिसी संख्या के लिए एक लाख रुपये जमा करवाने को कहा। एएल अग्रवाल ने दोबारा आरोपी के द्वारा दिए कंपनी के खाते में एक लाख रुपये जमा करवा दिए। पैसे जमा होने पर दूसरे आरोपी ने भी उनसे संपर्क तोड़ लिया।