पुरुषोत्तम मिश्रा पर बनाई गई फर्जी फर्म, पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-22 आईटी पार्क में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर रैकेट मामले में चौथे आरोपी पुरुषोत्तम मिश्रा, निवासी महाराष्ट्र ने अदालत में सरेंडर कर दिया। इसके बाद क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने उसे गिरफ्तार किया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस के अनुसार पुरुषोत्तम मिश्रा के नाम और दस्तावेजों पर फर्जी फर्म तैयार की गई थी, जिसका इस्तेमाल अवैध कॉल सेंटर के संचालन से जोड़ने के लिए किया गया। इससे पहले इस केस में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
20 अगस्त की रात साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्विन टावर, प्लॉट नंबर 7 और प्लॉट नंबर 9 (आईटी पार्क, सेक्टर-22) में फर्जी कॉल सेंटर चल रहे हैं जहां विदेशी नागरिकों के साथ ठगी की जा रही थी। सूचना पर पुलिस की कई टीमें पहुंचीं। रेड के दौरान कॉल सेंटर में 28 युवक-युवतियों को लैपटॉप और हेडफोन के साथ सॉफ्टवेयर के जरिए विदेशी नागरिकों को कॉल करते पाया गया। सभी से पूछताछ की गई। चौथे आरोपी के गिरफ्त में आने के बाद पुलिस अब कॉल सेंटर रैकेट के वित्तीय नेटवर्क और बाकी सुराग की जांच कर रही है। रिमांड के दौरान आरोपी से उसके रोल, फर्जी दस्तावेजों और पैसे के स्रोत के बारे में पूछताछ की जाएगी।