सेक्टर-21 फ्लाईओवर पर हादसा, पति और बेटी बाल-बाल बचे
पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। सेक्टर-21 फ्लाईओवर पर शनिवार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति और उनकी बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला प्रवीन की पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि पति अथर अली और बेटी बाल-बाल बच गए।
अथर अली, उनकी पत्नी प्रवीन और बेटी बाइक पर जीरकपुर से लौट रहे थे। राम डायरी फ्लाईओवर के पास पीछे से एक अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मारी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने घायलों को नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पहुंचाया। अथर अली को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि बेटी को चोट नहीं आई। प्रवीन को गंभीर चोटों के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
अथर अली ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस ने मृतक के पति की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।