470 ग्राम चांदी और 90 हजार की कीमत का सामान बरामद करने की तैयारी, बाकी सहयोगियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने चौथे आरोपी विमल मौली जागरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। इससे पहले इसी मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता सौरभ भुनिया, निवासी मनीमाजरा, ने पुलिस चौकी सेक्टर-16 में दी शिकायत में बताया कि उनकी दुकान राज रोहन ज्वैलर्स, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17 पंचकूला में स्थित है। 7 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। अगली सुबह जब पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला।
जांच में पता चला कि चोरों ने दुकान से 470 ग्राम चांदी के आभूषण—लेडीज अंगूठियां, चुटकी, नोज पिन और नथिया—सहित करीब 90 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया था। इसके अलावा दुकान में लगा डीवीआर भी चोरी कर लिया गया।
क्राइम ब्रांच-19 की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी गया सामान बरामद करने और अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए पूछताछ की जाएगी।