पंचकूला। यूएसए भेजने के नाम पर एक युवक से चार शिक्षकों ने 20 लाख रुपये ठग लिए हैं। बरवाला निवासी दिलराज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपी शिक्षक जिला नागौर राजस्थान निवासी जसबीर सिंह, मोतीराम चौधरी, लोकेश व रेनू शर्मा के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित युवक ने बताया कि चारों सरकारी स्कूल में शिक्षक थे। रुपये लेने के बाद से उन्होंने स्कूल भी आना बंद कर दिया। जब उनसे पैसे मांगने की कोशिश की तो जान से मारने की धमकी देने लगे थे। इसके बाद चारों ने मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए।
इस तरह से की ठगी: दिलराज सिंह ने बताया कि यूएसए भेजने के नाम पर 13 अक्तूबर 2023 को चारों ने उसे पहले थाईलैंड भेजा। इसके बाद 16 लाख रुपये ले लिए। फिर 28 अक्तूबर-23 को वापस भारत बुला लिया। कुछ दिन बाद दिल्ली में बुलाया और होटल में ठहराया। इसके दूसरे दिन तुर्की भेज दिया।
तुर्की से रसिया जाने को बोला और वहीं पर किसी व्यक्ति को 1200 डॉलर दिलवा दिए। वहां से फिर दुबई बुलाया और फिर यहां से भारत वापस बुला लिया। इसके बाद ढ़ाई लाख और फिर से 50 हजार ले लिए। जब काम के लिए बोला तो चारों ने कहा कि वीजा प्रोसेसिंग का काम चल रहा है। कई दिनों तक उनसे पूछने पर वह गोलमोल बातें करने लगे थे। इसके बाद फिर जब पैसे वापस मांगे तो धमकी देने लगे। इस तरह चारों ने विदेश भेजने के नाम पर कुल 20 लाख ठग लिए। पुलिस जांच अधिकारी जगपाल सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।