संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। रामपुर सियुडी निवासी एक व्यक्ति को कनाडा का वर्क परमिट देने के नाम पर चार लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि रुपये मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देने के अलावा मानसिक परेशान किया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दीपक सैनी निवासी रामपुर सियुडी ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी गुरप्रीत निवासी सेक्टर-66 मोहाली पंजाब से हुई थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी, भाई और साला वर्क परमिट बनाकर कनाडा भेजते हैं। झांसे में रखकर आरोपी ने उसके भाई सर्वजीत सिंह को कनाडा भेजने का इकरारनामा पंचकूला कोर्ट में तैयार करवाया। इकरारनामे के अनुसार उसके भाई सर्वजीत ने वर्क परमिट के लिए दो लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपी को दिए। आरोपी गुरप्रीत ने कहा कि काम चार माह में हो जाएगा। काम होने के बाद 1.80 लाख रुपये लेगा। कुछ माह बाद आरोपी अपने जानकारों के साथ उसके घर पहुंचा और झांसे में लेकर दो लाख रुपये नकद ले गया। इसके बाद आरोपी उसके भाई को कनाडा भेजने की बात पर टाल मटोल करने लगा।
करीब साढ़े तीन साल में उसके भाई को कनाडा नहीं भेजा। जब उसने आरोपी से चार लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि यह मामला 2019 से चला आ रहा है। करीब साढ़े तीन साल में उन्हें केवल मानसिक तौर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिंजौर थाना प्रभारी सोमवीर सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।