सेक्टर-14 केंद्रीय विहार में हादसा, पार्क में खेलते समय खंभे को छूते ही करंट की चपेट में आया बच्चा
गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
सोसाइटी निवासियों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-14 स्थित केंद्रीय विहार सोसाइटी में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में स्ट्रीट लाइट के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से साढ़े चार वर्षीय रुद्र सिंह की मौत हो गई। घटना रात करीब आठ बजे की है। गंभीर हालत में बच्चे को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार रुद्र के पिता प्रदीप सिंह, जो पब्लिक हेल्थ विभाग में सहायक के पद पर कार्यरत हैं, बेटे के साथ घर लौटे थे। सोसायटी पहुंचने के बाद रुद्र पार्क में खेलने चला गया। इसी दौरान उसने पार्क के पास लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे को छू लिया और करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
नंगे तार और लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि स्ट्रीट लाइट के खंभे के निचले हिस्से के पास बिजली का तार बाहर निकला हुआ था, जिससे करंट फैल रहा था। लोगों का दावा है कि घटना के बाद मौके पर तत्काल मरम्मत कार्य किया गया। हालांकि, संबंधित विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद केंद्रीय विहार सोसाइटी के निवासियों में रोष है। उनका कहना है कि सोसाइटी में रखरखाव और सफाई व्यवस्था को लेकर पहले भी शिकायतें उठती रही हैं। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था की जांच और मरम्मत की जाती तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। निवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।