फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: ढाई हजार रिश्वत मामले में पूर्व सेनेटरी इंस्पेक्टर को चार साल की सजा, 20 हजार जुर्माना

Sun, 02 Mar 2025 01:37 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पंचकूला
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। अगस्त, 2019 में बागवानी विंग में तैनात सेनेटरी इंस्पेक्टर की ओर से 2500 रुपये रिश्वत मांगने के मामले में शनिवार को एडीजे की कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने गवाहों के बयान व सबूतों के आधार पर नगर निगम के एमओएच विंग में तैनात पूर्व सेनेटरी इंस्पेक्टर को नरेश कुमार को चार साल कैद की सजा सुनाई है। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने दोषी नरेश पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
विज्ञापन

सेनेटरी इंस्पेक्टर को विजिलेंस टीम ने 17 अगस्त, 2019 को 2500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ नगर निगम के बागवानी विंग में तैनात अजय ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार अजय का कुछ समय पहले एमओएच विंग से बागवानी विंग में तबादला हुआ था। जब उसने वापस जाने की इच्छा जताई तो सेनेटरी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने 2500 रुपये की रिश्वत मांगी।
अजय ठेके पर काम करता था, जबकि नरेश कुमार स्थायी कर्मचारी था। अजय ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई और सबूत के तौर पर इंस्पेक्टर से बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी पेश की। इसके बाद विजिलेंस ने जाल बिछाया और सेक्टर-29 स्थित सेवा भारती बिल्डिंग के पास रिश्वत लेते नरेश कुमार को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उससे रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
विज्ञापन

कोर्ट में आदेशों में लिखा, सभ्य समाज में भ्रष्टाचार कैंसर से भी खतरनाक
आदेश सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि अगर दोषी के प्रति कोई नरमी बरती जाती है तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। सभ्य समाज में भ्रष्टाचार कैंसर जैसी बीमारी है, जिसका अगर समय रहते पता नहीं लगाया और उसका इलाज नहीं किया गया तो यह निश्चित रूप से देश की राजनीति को खराब कर देगा और इसके भयावह परिणाम होंगे। यह (भ्रष्टाचार) समाज में इस हद तक घुस चुका है कि कई लोग इसे अपरिहार्य मानते हैं। कई लोग इसे अनैतिक नहीं बल्कि सामान्य मानते हैं और यह परेशान करने वाला है। भ्रष्टाचारियों ने व्यवस्था को अपने हिसाब से बदल दिया है और खूब फले-फूले हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें