पंचकूला विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन के चुनावी दंगल में उतरने से एक बार फिर राजनीतिक फिजा बदल गई। सेक्टर-8 में स्थित चंद्रमोहन के आवास पर नामांकन के दौरान समर्थकों का जन सैलाब उमड़ा। बीच मार्ग में कई जगह उनका लोगों ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इसी तरह का माहौल कालका में कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी और पंचकूला विधानसभा से इनेलो के प्रत्याशी करुणदीप चौधरी की रैली में देखने को मिला।
समर्थकों और वाहनों की संख्या देखकर चुनावी परिणाम आने से पहले ही विपक्षी दल के प्रत्याशियों के पसीने छूट गए। नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को पंचकूला और कालका विधानसभा से कुल 29 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद प्रत्याशियों ने प्रचार में ताकत झोंकी। चंद्रमोहन का काफिला नामांकन के लिए उनके आवास सुबह 10 बजे रवाना हुआ और एसडीएम कार्यालय करीब 1.30 बजे पहुंचा।
नामांकन के दौरान चंद्रमोहन हुए भावुक....
पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन नामांकन के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पार्टी से टिकट तो मिल गया है, लेकिन सेवा का मौका जनता ने देना है। यदि सत्ता में आए तो पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के सपनों को साकार करेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि बड़े अफसोस की बात है कि लोग ऊंची इमारतों को तो देखते हैं लेकिन वह नींव रखने वाले उस महान विभूति को भूल जाते हैं, जिन्होंने उसकी नींव रखी ओर उसकी परिकल्पना की। पंचकूला को आधुनिक बनाने का संकल्प चौधरी भजनलाल का था और इसे मूर्तरूप देने का सार्थक प्रयास किया गया।
चाहे इसे जिला बनाने का कार्य हो या युवाओं को रोजगार देने का प्रश्न हो। सभी के सहयोग और समर्थन से इसे नया आयाम देने का भरसक प्रयास किया गया। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से भावुक अपील की है कि वे सभी आपसी मतभेद भुलाकर और एकजुटता दिखाते हुए अपने सेवक को विजयी बनने का आशीर्वाद दें।
इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी सीमा बिश्नोई, पुत्र सिद्धार्थ बिश्नोई, पुत्रवधू शताक्षी बिश्नोई, हरियाणा प्रदेश की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, पूर्व मेयर रविंदर रावल, सोहन लाल गुर्जर, पूर्व विधायक लहरी सिंह, शशी शर्मा, आरके कक्कड, प्रताप चौधरी, पूर्व पार्षद दलबीर सिंह, ओम प्रकाश, जीएस सिंगारी, सुभाष पपनेजा, पवन मितल, लिली बावा, जलमेघा दहिया, कुलदीप चितकारा, तरसेम गर्ग, ओम शुक्ला मौजूद थे।