संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार पंजाब में लंबे समय से चल रही नीले कार्ड धारकों की ईकेवाईसी अब सिर्फ 3 से 5 जुलाई तक ही की जाएगी। इन तीन दिनों में अगर कार्ड धारकों ने ईकेवाईसी न करवाई तो उन्हें गेहूं से वंचित रहना पड़ेगा। एएफओ संदीप सिंह ने बताया कि फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग की ओर से नीले कार्ड धारकों की करवाई जा रही ईकेवाईसी की तारीख में वृद्धि कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह इस तारीख तक अपने कार्ड की ईकेवाईसी जरूर करवा ले, नहीं तो उनके नाम नीले कार्ड से कट जाएंगे और अगली बार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आने वाली सरकारी गेहूं का अगले तीन महीनों का कोटा इन लोगों को नहीं मिलेगा।
बता दें कि फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग जिले में 73.43 प्रतिशत ही ईकेवाईसी कर सका है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुद्वारों के माध्यम से अनाउंसमेंट करवाई जा रही है, लेकिन शहरी क्षेत्र में डीपो होल्डरों को कार्ड धारकों की ईकेवाईसी करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि जिले में 3,66,422 नीले कार्ड धारक है। इसमें करीब 1468189 बैनिफिशयरी शामिल है। यानि विभाग 1468189 धारकों में से 1071882 की ईकेवाईसी कर चुका है और 396307 धारकों की ईकेवाईसी अभी पेंडिंग है। एएफओ संदीप सिंह ने बताया कि 3 जुलाई को राजासासी, 4 को चौगांवां और 5 को लोपोके और भिंडीसैदां में कैंप लगाए जा रहे हैं।