संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। डीएसपी भुच्चो के गनमैन राज कुमार को विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को एक लाख रुपये की रिश्वत समेत गिरफ्तार किया था। बुधवार को विजिलेंस की टीम फिर से शिकायतकर्ता महिला को साथ लेकर महिला थाने पहुंची। इसी थाने में ही डीएसपी भुच्चो का कार्यालय है। वहीं, विजिलेंस के एसएसपी दिगविजय कपिल का कहना है कि अभी मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वे कुछ बता पाएंगे।
वहीं, सूत्रों का कहना है कि बुधवार को विजिलेंस की एक टीम महिला थाने में पहुंची थी। उस समय टीम के साथ शिकायतकर्ता महिला भी मौजूद थी। विजिलेंस द्वारा पकड़े गनमैन राज कुमार ने पूछताछ के दौरान जो भी बातें विजिलेंस अधिकारियों को बताई है, उसी को आधार बनाकर विजिलेंस की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। उधर, बुधवार को डीएसपी रविंदर सिंह रंधावा भी अपने कार्यालय नहीं पहुंचे। उनके रीडर गुरप्रीत सिंह का कहना था कि वे सरकारी काम के चलते बाहर हैं।