रायपुररानी। मोरनी रोड पर टांगरी नदी के नजदीक स्थित स्क्रीनिंग प्लांट जोन में जिला प्रदूषण विभाग की टीम द्वारा की गई चेकिंग में पांच स्क्रीनिंग प्लांट और सील कर दिए गए। विभाग के मुख्य अधिकारी विरेंद्र पूनिया ने बताया कि पहले की गई चेकिंग के बाद जारी शोकाज नोटिस के अनुसार की गई जांच के बाद हुई कार्यवाही में पांच प्लांट सील कर दिए हैं। अब तक 23 प्लांट सील किए जा चुके हैं। बाकी प्लांट की जांच जारी है।
बुधवार को मां लक्ष्मी, दशमेश, ईश्वर, विष्णु व श्रीमारकंडा प्लांट सील किए गए। क्षेत्रवासियों रामरत्न शर्मा, राजीव, अमन बिंदल, सतीश वालिया, रामकरण, प्रदीप पारवाला, सुरेश कुमार, मोहन गुप्ता, गुलशन वर्मा ने बताया कि दस वर्षों से नियमों को ताक पर रख चल रहे लगभग सभी स्क्रीनिंग प्लांट में विभागीय खामियां थीं। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है।