चंडीगढ़। पंजाब के हर विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए 585 करोड़ के बजट का प्रावधान किया है। इसके अंतर्गत 213 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि रंगला पंजाब योजना के तहत कुल बजट में से पहली किस्त के रूप में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए 213 करोड़ जारी कर दिए गए हैं। इसके अंतर्गत हर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए विशेष रूप से 5-5 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए थे। फंडों के सही उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए विधायकों और अधिकारियों की कमेटियां बनाई गई हैं। इन कमेटियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के आधार पर अलग-अलग पंचायतों को 213 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
चीमा ने बताया कि हाल ही में पंचायतों, जिला परिषदों और पंचायत समितियों को 334 करोड़ रुपये के विकास फंड भी जारी किए गए हैं। राज्य के गांवों और शहरों का विकास लगातार जारी है तथा इस प्रयास में कोई भी गांव, कस्बा या शहर पीछे नहीं रहेगा। पंजाब में युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उन्हें ओलंपिक तक पहुंचने योग्य बनाने के लिए 3,000 से अधिक स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। राज्य के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करीब 19 हजार किलोमीटर लिंक सड़कें बनाई जा रही हैं।