चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी, कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और अमन अरोड़ा ने एमएलए हॉस्टल सेक्टर-4, चंडीगढ़ में अपनी तरह के पहले जिम और वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया।
यह पहल विधायकों में बेहतर स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। स्पीकर ने कहा कि यह अनोखा कदम विधायकों को स्वस्थ और फिट रहने में मदद करेगा जिससे वे राज्यवासियों की और अधिक क्षमता और समर्पण भाव से सेवा कर सकेंगे।
स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और कैबिनेट मंत्रियों ने जिम और वेलनेस सेंटर में लगाई गई उन्नत मशीनों पर कसरत भी की। संधवां ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे बढ़ती बीमारियों को रोकने के लिए अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में सैर और नियमित व्यायाम को शामिल करें।