चंडीगढ़/मोहाली। सेक्टर 15-सी स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का आगाज़ बड़े उत्साह के साथ किया गया। प्रिंसिपल प्रीत कोमल की अध्यक्षता में आयोजित यह शिविर 23 दिसंबर तक चलेगा।
इस कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का संचार करना है। शिविर के दौरान केके सैनी (सेवानिवृत्त डिप्टी सचिव, पंजाब राज्य शाखा चंडीगढ़ एवं चेयरमैन, भाई कन्हैया जी केयर सर्विस एंड वेलफेयर सोसाइटी) ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में शिरकत की।
उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को प्राथमिक चिकित्सा का ज्ञान देने के साथ प्रयोगात्मक प्रशिक्षण भी दिया। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को यह सिखाया गया कि दुर्घटना के समय मरीज को सुरक्षित अस्पताल कैसे पहुंचाया जाए, अत्यधिक रक्तस्राव को तुरंत कैसे नियंत्रित करें, बेहोश व्यक्ति को होश में कैसे लाया जाए और सांप या कुत्ते के काटने जैसी आपात स्थितियों में जीवन रक्षक प्राथमिक उपचार कैसे दें।