पंचकूला के सेक्टर-10 में बंद कमरे में आग लगने से दो साल की मासूम बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के समय बच्ची की मां ग्राउंड फ्लोर पर मकान मालिक के यहां काम करने गई थी। दोपहर बाद काम करने के बाद जब महिला वापस कमरे में पहुंची तो कमरे में धुंआ भरा हुआ था। बच्ची कमरे में पड़ी थी। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची समायरा के माता-पिता सेक्टर-10 स्थित एक घर के ग्राउंड फ्लोर में सफाई का काम करते हैं। वे तीसरी मंजिल पर बने सर्वेंट क्वार्टर में रहते हैं। शनिवार दोपहर लक्ष्मी बच्ची को कमरे में छोड़कर नीचे घर में काम करने गई। दोपहर बाद जब काम खत्म करके वापस गई तो कमरे से धुंआ निकल रहा था।
महिला ने दरवाजा खोला तो गद्दे में आग लगी थी। कमरे में धुंआ भरा था। बच्ची कमरे में पड़ी थी, उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके तुरंत बाद घर के अन्य लोगों को सूचना दी गई। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-10 पुलिस चौकी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्ची को तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
जांच के बाद डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, शाम तक पोस्टमार्टम हो गया था। अस्पताल में सेक्टर-5 थाना एसएचओ रूपेश चौधरी, सेक्टर-10 चौकी इंचार्ज और अन्य अधिकारी मौजूद थे। एसएचओ ने बताया बच्ची के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।
पिता हुआ बेहोश
डॉक्टर ने बच्ची को जैसे ही मृत घोषित किया, बच्ची का पिता सुरजीत वहीं बेहोश हो गया और मां विलाप करने लगी। जैसे ही पिता होश में आया तो वह दो साल की मासूम को गले लगाकर रोने लगा। अस्पताल में मौजूद अन्य लोग भी मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत पर दुखी थे।