संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। अमरावती एन्क्लेव कॉलोनी के समीप कबाड़ में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद उठता धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही कालका से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
आग अमरावती एन्क्लेव कॉलोनी के साथ लगते भगवानपुर और डीएलएफ कॉलोनी की ओर स्थित कबाड़ में लगी थी। आग से उठने वाला सारा धुआं अमरावती एन्क्लेव कॉलोनी की ओर फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। अमरावती के रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान ने बताया कि आग और धुएं को लेकर कॉलोनी के लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कहा कि बार-बार कबाड़ में आग लगने से प्रदूषण बढ़ता है, जिससे लोगों को एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कबाड़ में आग लगने की घटनाओं पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को प्रदूषण से राहत मिल सके।