फायर सेफ्टी, सीसीटीवी और बिजली व्यवस्था में भी मिली खामियां, उपायुक्त ने कॉलेज प्रबंधन को दिए तत्काल सुधार के निर्देश
रसोई में मक्खियां और गंदे बर्तन मिले, रेफ्रिजरेटर का सामान भी उपयोग योग्य नहीं था।
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। स्वामी देवी दयाल ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशन्स, गोलपुरा में जिला उपायुक्त पंचकूला सतपाल शर्मा के औचक निरीक्षण में विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं। छात्रावास की रसोई में गंदगी और मक्खियां मिलीं, जबकि तीनों मंजिलों के विद्यार्थियों के लिए केवल एक वाटर कूलर था। फायर सेफ्टी, सीसीटीवी और बिजली व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए कॉलेज प्रबंधन को सभी कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त को कॉलेज में विद्यार्थियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने और छात्रावास में असुविधा होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद उन्होंने स्वयं कॉलेज परिसर और छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई, खाद्य पदार्थों के भंडारण, पेयजल, शौचालय, अग्नि सुरक्षा और सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से जांच की।
रसोई में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी ठीक से साफ नहीं थे और मक्खियां मिलीं। खाद्य पदार्थों के स्टोर रूम की व्यवस्था भी उचित नहीं थी। रेफ्रिजरेटर में रखा कुछ सामान उपयोग योग्य स्थिति में नहीं मिला।
पेयजल व्यवस्था की जांच में सामने आया कि छात्रावास की तीनों मंजिलों के लिए केवल एक वाटर कूलर उपलब्ध है और उसमें आरओ की सुविधा भी नहीं है। उपायुक्त ने इसे अपर्याप्त बताते हुए पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अग्नि सुरक्षा में पर्याप्त फायर अलार्म और अग्निशमन यंत्र नहीं मिले। सुरक्षा के लिए जरूरी संख्या में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। कई स्थानों पर बिजली की तारें लटकती मिलीं। कॉलेज के शौचालयों में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी।
सतपाल शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान और अकाउंट ऑफिसर सुखदेव सिंह मौजूद रहे। उपायुक्त ने अलीपुर खटौली के क्षतिग्रस्त नदी पुल की मरम्मत के कार्य का भी निरीक्षण किया।