सिविल अस्पताल पंचकूला में हरियाणा बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने उठाई आवाज, सीएमओ ने दिया आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर (यूपीएचसी) में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुक्ता कुमार को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन की जिला प्रधान स्नेह वालिया के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने कहा कि एनएचएम और यूपीएचसी में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू को कैडर के मूल वेतनमान और ग्रेड पे का लाभ दिया जाए। कर्मचारियों ने वर्दी भत्ता, एमसीएच भत्ता और यात्रा भत्ता (ट्रैवलिंग एलाउंस) नियमित महिला कर्मचारियों की तर्ज पर देने की भी मांग की।
स्थानांतरण नीति और सेवानिवृत्त लाभ की भी मांग
महिला कर्मचारियों ने सरकार से इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर पॉलिसी तैयार करने की मांग की, ताकि जरूरतमंद कर्मचारियों को स्थानांतरण का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति पर महिला एमपीएचडब्ल्यू को एकमुश्त सम्मानजनक राशि देने का प्रावधान किया जाए। ज्ञापन प्राप्त करते हुए सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने कहा कि सभी मांगों को संकलित कर स्वास्थ्य विभाग को भेजा जाएगा।
कोट
हम कर्मचारियों की मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाएंगे और यथाशीघ्र समाधान के लिए प्रयास करेंगे। - डॉ. मुक्ता कुमार।