वासुदेवपुरा में युवकों पर लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट-रोड़ों से हमला करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। गांव वासुदेवपुरा में बुलेट बाइक से पटाखे बजाने से रोकने पर कुछ युवकों द्वारा घर में घुसकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट-रोड़ों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव वासुदेवपुरा निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे कुछ युवक उनके घर के सामने बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर शोर-शराबा कर रहे थे। उसके पिता ने युवकों को ऐसा करने से मना करते हुए वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ समय बाद फिर लौट आए और घर के बाहर दोबारा बुलेट के पटाखे बजाने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार रात करीब आठ से नौ बजे के बीच दो युवक घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। आरोप है कि उन्होंने गेट खोलकर अपने अन्य साथियों को भी अंदर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और ईंट-रोड़ों से उस पर और उसके पिता पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान पिता-पुत्र घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को आरोपियों से छुड़वाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।