पंचकूला। शहर में दो घंटे हुई भारी बारिश के कारण सिविल अस्पताल की तीसरी मंजिल पर फॉल सीलिंग गिर गई। इस कारण सर्जरी वार्ड में डॉक्टरों के साथ मरीजों को परेशानी हुई। फॉल सीलिंग गिरने के कारण सर्जरी वार्ड में कई जगह पानी भर गया। पानी भर जाने के कारण पंखे, दीवारों में मरीजों ने करंट के झटके महसूस किए। इसके बाद तुरंत पंखे बंद किए गए। वहीं, बेड पर पानी टपकने से मरीज परेशान रहे। इसके अलावा इमरजेंसी, लेबर रूम सहित कई जगह यह हाल बना रहा।
क्या कहते हैं मरीज
छत टपकने के बेड हटाना पड़ा
बारिश के बाद जनरल वार्ड की छत टपकने से परेशानी हुई। पानी टपकने से कई बार बेड को इधर-उधर खींचना पड़ा।
-नोकूराम, निवासी शिमला
पंखे में करंट महसूस हुआ
मेरा बेड पंखे के नीचे था। इस कारण बारिश के बाद पंखा चलने पर करंट लगने जैसा महसूस हुआ। इस पर वार्ड में तैनात स्टाफ को बुलाया तो पंखा बंद होने के बाद राहत मिली है। - हरिशचंद्र, सेक्टर-15 चंडीगढ़
पूरा वार्ड पानी से भर गया
बारिश के बाद फॉल सीलिंग गिर गई। इसके बाद पानी गिरने लगा। इस कारण वार्ड में आने-जाने में भी परेशानी बनी रही। इस तरह की अव्यवस्था के कारण अस्पताल मेंं बदबूदार गंदगी बनी रही है। पैर मेंं चोट होने के कारण चलने में दिक्कत हुई।
-साहिब सिंह, निवासी सकेतड़ी
हाथ फ्रैक्चर होने के बाद भर्ती हुई
हाथ फ्रैक्चर होने के बाद दो दिन पहले भर्ती हुई थी। पानी गिरने से बेड से बार-बार नीचे उतरने मेंं फिसलकर गिरने का डर बना है।
-उषा रानी, गांव नाडा, पंचकूला
बारिश के बाद अस्पताल की सफाई करवाई गई। अस्पताल की सफाई करवाने के साथ ही जहां भी लीकेज है, जल्द ही पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से ठीक की जाएगी। इसके लिए प्रपोजल पास हो चुका है। -आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल
अस्पताल के काम का टेंडर निकाला गया है। जल्द ही इसकी अप्रवूल मिलने के बाद लीकेज को ठीक करेंगे। अस्पताल की ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग को लीकेज का एस्टीमेट बनाकर दिया गया है। -आशीष चौहान, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी विभाग