पंचकूला। सिविल अस्पताल में बने नए मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में दो बजे के बाद इवनिंग ओपीडी में सुविधाएं गायब हो जाती हैं। आने वाले मरीजों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मरीजोंं को कई बार चक्कर काटने के बाद इलाज मिल रहा है। इतना ही नहीं, सैंपल, दवा सेंटर और बीपी सेंटर भी बंद कर दिए जाते हैं। अगर किसी मरीज को ब्लड, यूरिन के सैंपल भी देने हो तो पुरानी बिल्डिंग में आना पड़ता है। इस वजह से मरीज और तीमारदारों को परेशानी हो रही है।
कहने को तो मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में बच्चों और गायनी की ओपीडी शुरू हो गई है। इस ओपीडी मेंं महिलाओं और बच्चों के लिए इवनिंग ओपीडी दोपहर दो से शाम 7 बजे तक चलती है। दोपहर दो बजे के बाद आने पर कार्ड पुरानी बिल्डिंग के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बनाया जाता है। इसके साथ ही उन्हें ब्लड, यूरिन के सैंपल भी देने के लिए पुरानी बिल्डिंग में आना पड़ता है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
दवा, सैंपल नहीं मिले
दोपहर दो बजे के बाद इलाज के लिए गायनी वार्ड मेंं आए थे। अल्ट्रासाउंड की पर्ची, ब्लड सैंपल नहीं होने के कारण पुराने अस्पताल के काउंटर का चक्कर काटना पड़ा। नई बिल्डिंग बनाए जाने के बाद समस्या का निदान नहीं हो पाया है।
रेखा देवी निवासी करणपुर, पिंजौर
पुराने अस्पताल में करवाई जांच
बेटे की तबीयत दो दिन से ठीक नहीं थी। अस्पताल में डॉक्टर के पास दो बजे के बाद आए। आने के बाद पर्ची, दवाएं और जांच पुराने अस्पताल के काउंटर पर करवाना पड़ा। इस दौरान भीड़ का सामना करना पड़ा। -राकेश निवासी डेराबस्सी
सुविधाएं अच्छी नहीं हो पाई, लगता है अधिक समय
अस्पताल की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इस कारण समय अधिक लग रहा है। एक जगह पर मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में खून जांच, दवाएं और पर्ची दो बजे के बाद नहीं बनने से परेशानी हो रही है। मेरी मांग है कि सभी सुविधाएं जल्द मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में ही मिले। -रेखा रानी निवासी मोगीनंद
बच्चों के टेस्ट और दवाएं लेने में दो घंटे लगे
बच्चों के टेस्ट और दवाएं लेने में दो घंटे से अधिक का समय लगा। अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने के दावे के आधार पर सुविधा नहीं मिल रही है। इस कारण इलाज में समय अधिक लग रहा है। -श्वेता, निवासी खड़क मंगोली
मदर एंड चाइल्ड अस्पताल के सभी काउंटर जल्द बनाए जाएंगे।सभी सुविधाएं जल्द ही एक जगह पर लोगों को दी जाएगी। इससे लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का समाना नहीं करना पड़ेगा। बिल्डिंग का काम पूरा किया जा रहा है।
-आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6