29 जुलाई से बढ़ेगी बसों की संख्या, यात्रियों की भीड़ के अनुसार दो अतिरिक्त बसें चलाने की योजना
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर बढ़ाई जा सकती हैं और बसें
यात्रियों को समय पर बस अड्डे पहुंचने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सावन माह में हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 29 जुलाई से पंचकूला बस अड्डे से हरिद्वार रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाने की भी योजना है।
वर्तमान में पंचकूला से हरिद्वार के लिए प्रतिदिन एक नियमित बस संचालित की जा रही है। हालांकि सावन के दौरान गंगा स्नान और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार जाने की संभावना को देखते हुए रोडवेज ने दो अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर बसों का संचालन मांग के अनुरूप किया जाएगा, ताकि किसी भी श्रद्धालु को सीटों की कमी या लंबी प्रतीक्षा जैसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
भीड़ के अनुसार बढ़ सकती हैं बसें
रोडवेज जीएम सुखदेव सिंह ने बताया कि सावन के दौरान हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या में हर वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसे देखते हुए विभाग ने पहले से ही आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा से अधिक बढ़ती है तो अतिरिक्त बसों की संख्या में और इजाफा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बस अड्डे पर तैनात कर्मचारियों को भी यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि टिकट व्यवस्था और बस संचालन सुचारु रूप से चलता रहे। रोडवेज विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर बस अड्डे पहुंचें और यात्रा के दौरान विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विभाग का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।