पंचकूला। महिला प्रोफेसर से हुई 1.06 करोड़ की ठगी के मामले में साइबर पुलिस की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पंचकूला साइबर टीम ने अहमदाबाद से एक आरोपी युवक की गिरफ्तारी की है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र नरवाल ने बताया कि सुनीला मलिक ने 17 सितंबर को शिकायत की थी। इसमें पीड़ित ने बताया था कि वह पंचकूला सेक्टर-4 निवासी है।
वह शिमला में प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि महिला प्रोफेसर से आरोपी मुंबई का अधिकारी बनकर व्हाट्सएप और वीडियो काॅल करता था। आरोपी ने स्वयं को मुंबई का पुलिस अधिकारी बताया। इसके बाद महिला को मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। जांच अधिकारी सत्येंद्र नरवाल ने बताया कि आरोपी मो. इरफान को गुजरात से काबू किया गया है। वीरवार को पंचकूला कोर्ट में पेश करके छह दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ के आधार पर इस ठगी से जुडे सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।