पिंजौर। कालका नगर परिषद चुनाव के मद्देनजर सत्ताधीन दलों के नेताओं की ओर से बिना किसी संवैधानिक पद के ही रूटीन में होने वाले मरम्मत कार्य समेत विकास कार्यों का शिलान्यास करके आम लोगों को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। उपरोक्त आरोप लगाते हुए हरियाणा किसान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और राज्य सरकार में चेयरमैन रह चुके विजय बंसल एडवोकेट ने इस मामले को लेकर हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव के सामने उठाया है। उन्होंने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर विभिन्न सरकारी विभागों के स्थानीय अधिकारियों को नियमों की सीमा में रहकर जनहित में कार्य करने के आदेश देने की मांग की है। विजय बंसल ने कहा कि पूर्व विधायक, पूर्व पार्षद कोई संवैधानिक पद नहीं है, इसलिए वह न तो कोई समीक्षा बैठक का आयोजन कर सकते हैं और न ही किसी सरकारी योजना का उद्घाटन कर सकते हैं, साथ ही न कोई सरकारी ग्रांट का वितरण कर सकते हैं। ऐसे में अब उक्त नेताओं की ओर से सरकारी शासन का प्रभाव दिखाते हुए न केवल जबरन रूटीन के रिपेयर वर्क समेत विकास कार्यों के निर्माण से पहले ही जाकर नारियल फोड़ा जा रहा है बल्कि धरातल पर कोई काम न होने के कारण लोगों को गुमराह भी करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब नगर परिषद चुनाव के चलते राजनीतिक लाभ लेने के लिए पूर्व विधायक, पूर्व पार्षदों की ओर से जनता को गुमराह करना गलत है, उन्होंने मुख्य सचिव से मांग की है कि जरूरी दिशानिर्देश देकर अधिकारियों को नियमों की सीमा में रहकर जनहित के कार्य करने के आदेश दिए जाएं, क्योंकि अफसर जनता के सेवक हैं न कि किसी व्यक्ति विशेष नेता और विशेष पार्टी के अफसरों को वेतन जनता के टैक्स से मिलता है। इलाके में कोई नया विकास कार्य नहीं हो रहा है, जबकि सिर्फ पहले के हुए कार्यों के ही लीपा पोती हो रही है।
राजनीतिक लाभ के लिए जनता को कर रहे गुमराह
अब नगर परिषद के चुनाव को लेकर राजनीतिक लाभ लेने के लिए पूर्व विधायक, पूर्व पार्षदों की ओर से अफसरों की समीक्षा बैठकें आदि करके जनता को गुमराह किया जा रहा है, जबकि यह समीक्षा बैठकें लेने में असक्षम हैं। अपने कार्यकाल के दौरान जनहित में कोई नया प्रोजेक्ट और कार्य नहीं करवा पाने के कारण अब रोजमर्रा के कार्यों को लेकर झूठा श्रेय लिया जा रहा है।
भाजपा पूर्व विधायक, पूर्व पार्षद कोई चुना हुआ प्रतिनिधि नहीं, कोई संवैधानिक पद नहीं
विजय बंसल ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2019 में हलका कालका की जनता ने भाजपा के कार्यकाल के समय भ्रष्टाचार, आपराधिक मामलों में बढ़ोतरी, इलाके में पिछड़ापन, कोई नए प्रोजेक्ट के न आने को लेकर भाजपा को नकारकर कांग्रेस को जिताया, अब भाजपा पूर्व विधायक, पूर्व पार्षद कोई चुनी हुई प्रतिनिधि नहीं है, ऐसे में वह अगर समस्याओं का समाधान करवाना चाहते हैं तो केवल अफसरों को विनती कर सकते हैं।
अफसरों को दी नसीहत, नियमों की सीमा में रहकर करें काम
विजय बंसल ने अफसरों को भी नसीहत देते हुए कहा है कि नियमों की सीमा में रहकर उन्हें कार्य करने चाहिए, ऐसे राजनीतिक दबाव में बिना किसी संवैधानिक पद और जनता की ओर से नकारे जा चुके भाजपा नेताओं की समीक्षा बैठक में न जाकर अपने पद की गरिमा को बनाए रखना चाहिए। हालांकि पूरे मामले की जानकारी अब मुख्य सचिव हरियाणा सरकार को दी जा चुकी है। इससे पहले भी उन्होंने मुख्य सचिव को जानकारी दी थी तो उक्त नेताओं ने उद्घाटन कार्यक्रम से दूरी बना ली थी।