पंचकूला। सेक्टर-12ए स्थित सार्थक मॉडल स्कूल में पंचकूला से प्रिंसिपल के पद पर पदोन्नत 35 प्रवक्ताओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह सम्मान समारोह हरियाणा स्कूल लेक्चरार एसोसिएशन हसला की ओर से आयोजित किया गया था। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर चमन लाल कौशिक बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे और कार्यक्रम की अध्यक्षता हसला जिला प्रधान सुनील वर्मा ने की। इस अवसर पर सभी प्रधानाचार्य को स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि चमन लाल कौशिक सेवानिवृत्त पूर्व जिला प्रधान हसला ने नवनियुक्त प्रधानाचार्यों को बधाई दी।
वर्तमान जिला प्रधान सुनील वर्मा ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि अपने परिश्रम व लगन से सभी अपने अपने कार्यस्थल पर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। हसला की राज्य कार्यकारिणी के महासचिव रमेश कुमार, पूर्व जिला प्रधान प्रवेश राणा, प्रवक्ता सुभाष शर्मा, प्रवक्ता भीम सिंह ने सभी को फूल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन व स्वागत किया। नवनियुक्त प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने अपने विचार व्यक्त कर कहा कि सभी प्रधानाचार्य टीम के मुखिया होने के साथ-साथ सभी साथियों के साथ बराबर का सहयोग करेंगे। अपने सभी अध्यापक साथियों पर विश्वास करते हुए पूरी टीम को साथ लेकर विद्यालय की प्रगति के लिए कार्य करेंगे। नवनियुक्त प्रधानाचार्य इंद्र कुमार रंगा ने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पहुंचाना ही उनका लक्ष्य रहेगा।
नवनियुक्त प्रधानाचार्य डॉ. मग्न लाल ने कहा कि सेक्टर-6 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में काफी लंबे समय तक का उनका अनुभव रहा है, जिसका विद्यार्थियोें को काफी लाभ होगा। नवनियुक्त प्रधानाचार्या सुशीला जांगड़ा ने हसला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से लंबित पड़ी पदोन्नित हसला के प्रयासों से उन सब को मिल पाई है। इस अवसर पर डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने मंच संचालन कर सभी की तालियां बटोरी।