11वीं कक्षा की पांचवीं काउंसिलिंग के बाद अब नए भर्ती बच्चों की इस हफ्ते से इवनिंग क्लासेज शुरू हो रही हैं। इन स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने जेबीटी टीचर्स की ड्यूटी लगाई है। नियम के अनुसार जेबीटी टीचर्स की भर्ती पहली से पांचवीं क्लास के स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए की जाती है लेकिन अब ये 11वीं कक्षा की क्लासेज लेंगे। जानकारी के अनुसार, पीजीटी टीचर्स की कमी होने के कारण जेबीटी टीचर्स को 11वीं की क्लासेज लेने के लिए तैनात किया गया है।
11वीं कक्षा में एडमिशन के लिए 5वीं काउंसिलिंग के दौरान 400 से ज्यादा स्टूडेंट्स को भर्ती किया गया है। इन स्टूडेंट्स की इस हफ्ते से सेक्टर-19 स्थित गर्वनमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर-23 स्थित गर्वनमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इवनिंग क्लासेज शुरू होने जा रही है। इन स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने विभिन्न स्कूलों में तैनात 10 जेबीटी टीचर्स को सेक्टर-19 और 23 के स्कूलों में नियुक्त किया है। ये टीचर्स 11वीं कक्षा के आर्ट्स स्ट्रीम के स्टूडेंट्स को पढ़ाएंगे। इन जेबीटी टीचर्स की समग्र शिक्षा अभियान के तहत नई भर्ती की गई है। इन टीचर्स को कक्षा एक से पांचवीं तक के स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए भर्ती किया गया था।
कौन से टीचर्स क्या विषय पढ़ाएंगे
जीएमएसएसएस सेक्टर-23 में अंग्रेजी विषय के लिए जीएमएसएसएस सेक्टर-35 के सुनीत कुमार, हिंदी के लिए जीएमएसएसएस सेक्टर-46 की राज रानी, इतिहास के लिए जीएमएचएस सेक्टर-34 की मीना कुमारी, समाजशास्त्र के लिए जीजीएमएसएसएस सेक्टर-20 के प्रदीप, राजनिति विज्ञान के लिए जीएसएसएस खुड्डा लाहौरा के रविंदर कुमार और जीएमएसएसएस सेक्टर-19 में इतिहास के लिए जीएसएसएस मौली जागरां के देवेंदर सिंह, राजनिति विज्ञान के लिए जीएमएसएसएस सेक्टर-56 के गौरव, समाजशास्त्र के लिए जीएमएसएसएस सेक्टर-27 के बलविंदर, हिंदी के लिए जीजीएमएसएसएस सेक्टर-18 की बिंदु, अंग्रेजी के लिए जीएमएसएसएस सेक्टर-22 के प्रदीप कुमार को पढ़ाने के लिए भेजा गया है।
टीजीटी और पीजीटी टीचर्स की कमी होने के कारण जेबीटी टीचर्स को 11वीं की क्लासेज लेने के लिए सेक्टर-19 और 23 के सरकारी स्कूल में भेजा गया है। जब तक नई भर्ती या प्रमोशन नहीं होते, तब तक जेबीटी टीचर्स 11वीं की कक्षाएं लेंगे।
- अनुजीत कौर, जिला शिक्षा अधिकारी, चंडीगढ़