सूरजकुंड मेले में घूमने आई लड़कियां
हरियाणा के फरीदाबाद में होने वाले सूरजकुंड मेले में अब यूरोपीय देश भी हिस्सा ले सकेंगे। यूरोपीय देश यहां आएं और भारतीय कलाकार व कारीगर उनके देश में जाएं, इसके लिए 8 जनवरी को सूरजकुंड मेला प्राधिकरण व ब्रिटिश काऊंसिल ऑफ इंडिया के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
हरियाणा के पर्यटन मंत्री कंवर पाल एवं पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर सिंह गोलन मौजूद रहेंगे। एमओयू पर हस्ताक्षर होने के कारण इस बार पहली फरवरी से 16 फरवरी 2020 तक आयोजित किए जाने वाले सूरजकुंड मेले में यूरोपीय कलाकारों और कारीगरों के भाग लेने का रास्ता खुल जाएगा।
इसमें भारत के हस्तशिल्प, हथकरघा तथा विशेष उत्सव पर पहने जाने वाले कपड़ों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, साथ ही पर्यटकों को समृद्ध भारतीय संस्कृति के मेले में दर्शन होंगे। मेले में ब्रिटिश कारीगर व कलाकार भी अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।
फरीदाबाद जिला के सूरजकुंड में प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर का हस्तशिल्प मेला आयोजित किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से लाखों पर्यटक हिस्सा लेते हैं। एमओयू पर हस्ताक्षर होने के दौरान सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के वाइस-चेयरमैन एवं पर्यटन विभाग हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजय वर्धन, सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक एवं हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक विकास यादव भी उपस्थित रहेंगे।