हरियाणा में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। नए संक्रमण के मामलों के साथ-साथ कोरोना की वजह से मरने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। मौजूदा हालातों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने हरियाणा के स्कूलों को 10 दिसंबर तक बंद करने का आदेश दिया है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह निर्देश हरियाणा शिक्षा विभाग को दिए हैं।
बताते चलें कि प्रदेश में दिवाली के बाद सरकार ने सरकारी स्कूलों को कोविड नियमों का पालन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय के इस संदर्भ में जारी दिशा-निर्देशों के दायरे में खोलने की इजाजत दे दी थी। अधिकतर निजी स्कूलों ने तो अपने स्कूल खोलने से परहेज रखा।
मगर सरकारी स्कूल खोल दिए गए। जिसके कुछ दिन बाद ही काफी संख्या में स्कूली छात्र कोरोना ग्रस्त हो गए। जिसके चलते स्कूलों को 30 नवंबर तक तुरंत बंद करवाकर उसकी समीक्षा की गई। अब समीक्षा के बाद हरियाणा स्वास्थ्य मंत्रालय ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि महामारी के मौजूदा परिस्थितियों के चलते 10 दिसंबर तक हरियाणा में स्कूल बंद रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि अभी छात्रों की सेहत को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाया जा सकता। इसलिए प्रदेश के स्कूलों को दस दिसंबर तक बंद रखने को कहा गया है।