संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर और सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य की पूजा कर शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने छठ पूजा का समापन किया। इस माैके पर घग्गर स्थित छठ घाट के अलावा अभयपुर, इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर-19 के अलावा अन्य जगह लोगों में उल्लास नजर आया। सभी जगह सुबह चार बजे से ही लोग घाट पर जुटने शुरू हो गए थे। पिंजौर, कालका, बरवाला, रायपुररानी, मोरनी और रामगढ़ में भी लोगों में आस्था देखने को मिली। घाट दीयों के प्रकाश से जगमगा रहा था।
महिलाओं के साथ पुरुष भी फल की टोकरी के साथ नजर आए। श्रद्धालुओं ने पानी में खड़े होकर सूर्य की आराधना की। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। घाट को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। छठ पूजा समिति ने घाट पर श्रद्धालुओं के पूजा-पाठ करने के अच्छे इंतजाम किए थे। आयोजन के दौरान घाटों पर छठी मइया के गीत सुनने को मिले। व्रती महिलाओं ने नदी, तालाब में स्नान कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की।