पंचकूला। शहर के सिविल अस्पताल में बनी पुलिस चौकी पर दोबारा से रात और दिन में स्टाफ की तैनाती बढ़ाई जाएगी। अस्पताल में मारपीट, लड़ाई-झगड़े के मामले अधिक आने के कारण सिविल अस्पताल के पीएमओ आरएस चौहान की ओर से हरियाणा के गृह सचिव और पंचकूला पुलिस कमिश्नर को 15 दिन पहले पत्र लिखा था। इसके बाद अब दोबारा चौकी में अधिक स्टाफ तैनात किए जाने के कमिश्नर ने निर्देश जारी किए हैं।
सिविल अस्पताल में रोजाना करीब पांच हजार मरीजों की ओपीडी है। साथ ही कई बार इमरजेंसी, आईसीयू वार्ड सहित अन्य वार्डों में बहसबाजी अधिक होने के बाद महीने में करीब 20 से ज्यादा मामले डॉक्टरों, नर्सिंग ऑफिसरों से हाथापाई करने के सामने आते हैं। ऐसे में पुलिस चौकी में स्टाफ तैनात नहीं होने से डॉक्टरों और लोगों को लगातार परेशानी हुई है। इस पर समीक्षा के बाद पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने बताया कि सिविल अस्पताल में पुलिस चौकी में दोबारा जो भी स्टाफ है उसे जल्द तैनात किया जा सकेगा। इससे अस्पताल में होने वाले झगड़े और बवाल को रोकने के लिए तुरंत पुलिस पहुंचे। पुलिस की पहुंच अस्पताल में समय पर होने से लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। पीएमओ आरएच चौहान ने कहा कि लड़ाई-झगड़े का मामला सामने आने पर पुलिस तुरंत पहुंच सकेगी।