पंचकूला। सेक्टर-10 के लोगों को अब बिजली संकट से निजात मिलने वाली है। क्योंकि अब औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 से नहीं, बल्कि सेक्टर-5 से सीधी सेक्टर-10 को बिजली सप्लाई होगी। इससे पहले यहां औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 से सप्लाई आती थी। लंबी दूरी होने के कारण तारों में फाल्ट हो जाते थे और बिजली सप्लाई बंद हो जाती थी।
हाउस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (होवा) के प्रयास रंग ले आए और यूएचबीवीएन सेक्टर-10 को दशकों पुराने सिस्टम के तहत इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 के पावर ग्रिड से हटाकर सेक्टर-5 में बने नए ग्रिड से जोड़ने जा रहा है। इसके लिए करीब 70 खंभे लगाए जा रहे हैं। हितैषी की अगुवाई में होवा के प्रतिनिधि मंडल ने यूएचबीवीएन के एक्सईएन आशीष चोपड़ा, एसडीओ संजय वर्मा से प्रधान बीएम कौशिक, उप प्रधान जीडी बत्रा, रवि भारद्वाज और तरसेम गर्ग ने मुलाकात की। एक्सईएन ने उनको अवगत करवाया की नई लाइन के लिए बिजली के खंभे लगाने का कार्य प्रगति पर है। बरसात का मौसम होने के कारण थोड़ा दिक्कत आ जाती है, लेकिन कोशिश है कि अगले सप्ताह में काम पूरा कर लिया जाएगा।
सेक्टर-5 के पावर ग्रिड से सेक्टर-9/10 के पॉइंट तक कंडक्टर बिछाया जाना है और 800 मीटर में इंसुलेटिड केबल होगी। यहां से सेक्टर-5 की दूरी मात्र 1400 मीटर है। जिससे फाल्ट पड़ने की संभावना कम होगी। उन्होंने बताया कि सेक्टर-10 को सेक्टर-5 के पावर ग्रिड से सप्लाई मिलने के बाद किसी भी तकनीकी खराबी आने पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के पावर स्टेशन से सेक्टर-10 का कनेक्शन भी स्टैंडबाय रखा जाएगा।
इस मौके पर एसके शर्मा, एनसी स्वामी, अमित गुप्ता, सुभाष शर्मा, सुभाष भारद्वाज, बृज लाल जैन, मुकेश गोयल, सुनील गुप्ता, डीएन मोंगा, कुसुम अरोड़ा, एनके खोसला, प्रेम लाल गुप्ता, आरके शर्मा, एनके धीर, शिव कुमार वर्मा और तरुण गौड़ मौजूद रहे।