पंचकूला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिले के श्यामटू-अमराला और साइट नंबर 53 बरवाला-मौली टांगरी पुल की जर्जर हालत होने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करने के बाद से इनको बनाने के लिए एस्टीमेट रिपोर्ट तत्काल भेजने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रदेशभर के जिला उपायुक्तों और पुलिस उपायुक्तों/अधीक्षकों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि जनता की सुरक्षा सबसे पहले है। दोनों पूलों पर जो आवश्यक हो, वे कार्य जल्द से जल्द कराए जाएं और तत्काल एस्टीमेट रिपोर्ट भेजें।
इस बैठक में उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने इन दोनों पुलों के बारे में जानकारी दी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उक्त रिपोर्ट मांगी। इस बैठक के बाद जिले के अधिकारियों की बैठक लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि मानसून के मौसम में अधिकारी अलर्ट पर रहें और जलभराव की स्थिति में पानी को जल्द से जल्द निकलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान कोई लापरवाही न बरतें। उपायुक्त ने बताया कि जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में किसी प्रकार की जलभराव की स्थिति नहीं आती। पंचकूला में कुछ स्थानों पर जलभराव होता है। सेक्टर-21 में नाले की निकासी में पंजाब क्षेत्र में निर्माण होने के कारण समस्या आती है। इस संबंध में पंजाब सरकार के साथ बातचीत कर हल निकाले जाने की आवश्यकता है। इस पर वीसी से चंडीगढ़ से जुडे प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि इस संबंधी उचित माध्यम से समाधान निकलवाया जाएगा। फिर भी इस मानसून सीजन के लिए तात्कालिक आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस पर उपायुक्त ने बताया कि जिले में जल निकासी के लिए 150 एचपी क्षमता के पंप सेट उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन की इस संबंध में तैयारी है। पीएमडीए के पास दो नालों की व्यवस्था है, इनमें से एक नाले की पूर्ण रूप से सफाई हो चुकी है। दूसरे नाले की सफाई का काम चल रहा है।
जिले में फ्लड कंट्रोल रूम बनाया
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि जिले में लोगों की सुरक्षा और सहयोग के लिए फ्लड कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 0172-2562135 है, जिसमें चौबीस घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, डीसीपी सृष्टि गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अपराजिता, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश विश्वनाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।