बिजली मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बिजली माफी योजना के तहत किसी जाति, धर्म को आधार नहीं बनाया गया, बल्कि प्रत्येक घरेलू खपतकार, जो दो माह में 600 यूनिट तक बिजली खपत करेगा, का बिजली बिल जीरो आएगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से किए गए चुनावी वादे के अनुसार राज्य के 25 लाख घरेलू खपतकारों के बिजली बिल जीरो आया है। बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने शनिवार को अमृतसर में पत्रकारों के साथ बातचीत में यह खुलासा किया। ईटीओ ने कहा कि यह पहली बार है कि सरकार शुरुआती साल में ही अपने चुनावी वादे पूरे कर रही है, नहीं तो सरकारें छोटे-छोटे चुनावी वादे अपनी सत्ता के आखिरी साल में ही पूरे करती रही हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से 300 यूनिट प्रति माह दी गई छूट के कारण राज्य के 25 लाख घरेलू खपतकारों के बिजली बिल जीरो आए हैं।
विज्ञापन
बिजली मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बिजली माफी योजना के तहत किसी जाति, धर्म को आधार नहीं बनाया गया, बल्कि प्रत्येक घरेलू खपतकार, जो दो माह में 600 यूनिट तक बिजली खपत करेगा, का बिजली बिल जीरो आएगा। यदि कोई इससे अधिक बिजली इस्तेमाल करेगा, उसे बिजली बिल देना पड़ेगा। बिजली मंत्री ने बताया कि बिजली माफी से बिल सर्कल दो माह का होने के कारण खपतकारों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है, जो हर आम घर की जरूरत से अधिक है।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से दी गई बिजली माफी के कारण अगस्त में जो बिल आए हैं, उनमें से 25 लाख खपतकारों को बिल नहीं भरना पड़ेगा। मंत्री ने बताया कि बीते दिन तक कुल 72 लाख घरेलू खपतकारों में से 42 लाख खपतकारों को बिल भेज दिया गया था, जिसमें से 25 लाख परिवारों को जीरो बिल आया है। इसके अलावा 34 लाख परिवारों को तीन रुपये प्रति यूनिट के साथ रियायती बिजली का लाभ मिला है। ईटीओ ने कहा कि यह दो माह कड़ी गर्मी के कारण खपत आम महीनों की अपेक्षा अधिक रहती है, इसलिए गर्मी कम होने के कारण आने वाले माह में करीब 85 प्रतिशत खपतकारों को बिजली माफी का लाभ मिलेगा।